डीडीहाट नगर में फरवरी में ही पेयजल की भारी किल्लत पैदा हो गई है। शीतकाल में ना के बराबर बारिश होने से पानी के स्रोतो में भारी कमी आ गई है। जल संस्थान ने नगर में सप्लाई होने वाले पानी में कटौती कर दी है। नगर के लोग इस बात से चिंतित हैं कि गर्मी के मौसम में पेयजल के बिना क्या हाल होगा।
डीडीहाट की 15 हजार की नगरीय आबादी के लिए नगर के आसपास के 8 प्राकृतिक स्रोतो से पानी की सप्लाई की जाती है। जाड़ों में ना के बराबर बारिश होने से प्राकृतिक स्रोतो में पानी की काफी कमी अभी से हो गई है। पिछले वर्षों तक जाड़ों में होने वाली बारिश के चलते अप्रैल से 15 मई तक पानी की कोई कमी नहीं होती थी। इस बार बर्फबारी और बारिश न होने से फरवरी में ही नगर को आने वाले पानी में आधे से ज्यादा की कमी आ गई है। जल संस्थान ने पानी की कमी के चलते नगर के सभी भागों में पानी की सप्लाई को दिन में सिर्फ एक बार कर दिया है।
अभी तक सुबह और शाम एक घंटे तक पानी की सप्लाई दी जा रही थी। तहसील टैंक, जल निगम टैंक, जीआईसी टैंक में आने वाले पानी में आधे से ज्यादा की कमी आ गई है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनूस ने बताया कि डीडीहाट नगर में प्राकृतिक स्रोतों से पानी मिलता हैं। बारिश न होने से पानी की भारी किल्लत अभी से पैदा हो गई है। नगर के लोग पेयजल के लिए परेशान होने लगे हैं।