वड्डा के निकट लेलू गांव में बन रहे स्पोर्ट्स कॉलेज के मुख्य भवन का भूमि पूजन मंगलवार 29 दिसंबर को होगा। भवन के लिए शासन ने 3.5 करोड़ रुपये और मंजूर किए हैं। स्पोर्ट्स कॉलेज में मार्च से कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में एथलेटिक्स और बाक्सिंग के 30 बच्चों को प्रवेश मिलेगा। शासन ने सभी कामों की देखरेख के लिए स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के पूर्व प्राचार्य महेश शर्मा को नियुक्त कर दिया है। वह कामों की देखरेख के लिए यहां पहुंच चुके हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश लेने वाले खिलाड़ियों को आवास, भोजन, शिक्षण तथा खेल की सुविधा सरकार की ओर से प्रदान की जाएगी। इस समय बच्चों के आवासीय कक्ष का निर्माण होगा और प्रशासनिक भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इतना काम हर हाल में तीन महीने के भीतर पूरा करने की तैयारी की जा रही है। काम की देखरेख के लिए वह फिलहाल पिथौरागढ़ में ही मौजूद रहेंगे। स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए कुल 999 नाली जमीन ली गई है। इसमें खेल का मैदान भी बनाया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि सरकार इस काम तेजी से पूरा करने के पक्ष में है। काम में धन की कोई कमी नहीं आएगी। शासन जरूरत के मुताबिक धन उपलब्ध कराती जा रही है। उन्होंने बताया कि भवन के निर्माण का काम 29 दिसंबर से शुरू हो जाएगा। कोशिश की जाएगी कि समय से पहले काम पूरा हो जाए। इस बीच विधायक मयूख महर लगातार काम की देखरेख कर रहे हैं। ताकि मार्च से कक्षाएं शुरू करने तक कालेज में ढांचागत सुविधाओं का विस्तार हो सके।