डीडीहाट से भाजपा विधायक विशन सिंह चुफाल का कहना है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई है। राज्यपाल को चाहिए कि वह तत्काल सरकार को बर्खास्त करें। श्री चुफाल ने बताया कि वह अन्य भाजपा विधायकों और पार्टी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले कांग्रेस के विधायकों के साथ दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून के घटनाक्रम को लेकर दिल्ली में गंभीर मंत्रणा चल रही है। भाजपा हर कदम को सोच-समझकर ही उठाएगी। श्री चुफाल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार को अस्थिर करने में कांग्रेस के विधायकों का ही हाथ है। भाजपा इस सारे ड्रामे में कहीं नहीं है।
सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर श्री चुफाल ने कहा कि उनके बारे में ऐसा कुप्रचार करने वालों के खिलाफ अब रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। श्री चुफाल के बारे में सोशल मीडिया में यह प्रचारित किया गया है कि वह अपने साथ तीन विधायकों को लेकर कांग्रेस के साथ मिल रहे हैं। श्री चुफाल ने कहा कि यह सरासर गलत है। बता दें कि इस जिले से श्री चुफाल भाजपा के एकमात्र विधायक हैं। दिल्ली से फोन पर उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी स्थिति पर नजर रखे है और समय आने पर आलाकमान उचित कदम उठाएगा।
अनर्गल प्रचार करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज
भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक के यहां विधायक चुफाल के खिलाफ सोशल मीडिया में अनर्गल प्रचार करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एसपी ने मामले की जांच एसओजी को सौंप दी है।