गंगोलीहाट के सेराघाट में सरयू नदी में अवैध खनन में लगे लोग और खच्चर। स्रोत:ग्रामीण
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील के सेराघाट में सरयू नदी में हो रहे अवैध खनन से खिरमांडे पंपिंग योजना के कुएं को खतरा पैदा हो गया है। नदी में अन्य हिस्सों में बेखौफ अवैध खनन हो रहा है। इस पर किसी की नजर नहीं पड़ रही है। अवैध खनन पर अंकुश न लगने से लोगों में आक्रोश है।
पूर्व जिला पंचायत जगदीश कुमार ने बताया कि सरयू नदी में फरसोल, तमाड़ी, सेराघाट में माफिया बेखौफ अवैध खनन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नदी से खिरमांडे पंपिंग पेयजल योजना संचालित है। इन योजना के कुएं के आसपास हो रहे खनन से खतरा पैदा हो गया है। कुएं के आसपास हो रहे खनन से इसका जलस्तर भी कम हो सकता है। बताया कि खनन में लगे मजदूरों का ठिकाना भी कुएं का ऊपरी हिस्से पर है। उन्होंने अवैध खनन न रुकने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मामले में जिला खान अधिकारी मयंक आर्या से संपर्क किया गया, लेकिन इनका फोन नहीं उठा।