पिथौरागढ़। नगर में अवैध तरीके से कारोबार करने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अभियान चलाया। कुछ स्थानों पर अवैध तरीके से लगाए गए ठेलों को तोड़ा और बड़ी संख्या में लाखों का सामान जब्त कर 18 लोगों के चालान किए। इस दौरान कई बाहरी लोग बिना सत्यापन के ही कारोबार करते पाए गए। यूपी निवासी अजीम नामक एक व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर मिला जिस पर विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। वह यहां पर लंबे समय से कारोबार कर रहा था।
जिला प्रशासन, जीएसटी, पुलिस प्रशासन एवं नगरपालिका ने मंगलवार को अतिक्रमण और अवैध तरीके से कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। सिमलगैर बाजार से गांधी चौक, बैंक रोड, भाटकोट तिराहे, केएमओयू स्टेशन, टकाना आदि क्षेत्रों में अवैध तरीके से कारोबार करने वालों और ठेला लगाने वालों पर कार्रवाई की। इस दौरान सात लोग ऐसे मिले जो बिना जीएसटी बिलों के कारोबार कर रहे थे। उनके पास किसी भी प्रकार के सत्यापन संबंधी कागज भी नहीं मिले जिनके पास मिले उनकी भी समयसीमा पूरी हो चुकी थी।
आधार कार्ड में भी जन्मतिथि गलत थी। इस दौरान पालिका ने करीब पांच दुकानों का सामान जब्त किया। साथ ही अवैध तरीके से लगाए गए चार जूस और खाने के ठेलों को जेसीबी लगाकर तोड़ा गया। अभियान में एसडीएम अनुराग आर्य, तहसीलदार पंकज चंदोला, वरिष्ठ एसआई प्रकाश पांडेय, बसंत पंत, हेमंती, विनीता नेगी, कर अधीक्षक निशात अंसारी आदि शामिल रहे। इस दौरान खाद्य विभाग की टीम भी मौजूद रही।
व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत ने कहा कि हम बाहरी लोगों को बिना किसी जांच और जानकारी के दुकानें या मकान किराए पर दे रहे हैं। बाहर से आया व्यक्ति किस मकसद से आया है इसका किसी को अंदाजा भी नहीं हो सकता है।
दे रहे हैं भारी-भरकम किराया
पिथौरागढ़। नगर की बाजारों में दुकानों के बाहर कारोबार कर रहे बाहरी लोग भारी भरकम किराया दे रहे थे। अभियान के दौरान पता चला कि बिना जीएसटी बिलों के कारोबार कर रहे लोग कई गुना अधिक किराया दे रहे हैं जबकि किसी भी सामान्य व्यापारी के लिए इतना किराया दे पाना संभव नहीं है। बिना जीएसटी बिलों के बड़ी संख्या में कारोबार कर रहे यह लोग सरकार को भी राजस्व का चूना लगा रहे हैं। संवाद
बाहरी लोगों को तवज्जो दे रहे स्थानीय
पिथौरागढ़। बाहरी लोगों के मनमाफिक किराया देने की वजह से नगर के लोग इन्हें अधिक तवज्जो दे रहे हैं। इसका खामियाजा स्थानीय कारोबार करने वालों को हो रहा है। उन्हें कम दामों पर दुकानें किराए पर नहीं मिल पा रही है। संवाद
18 लोगों के एक लाख के किए चालान
पिथौरागढ़। पुलिस ने बिना सत्यापन के दुकानें चलाने वाले 16 लोगों के 80 हजार के चालान कर न्यायालय को भेजे गए। इसके अलावा दो व्यापारियों के 10-10 हजार के चालान किए। संवाद
फड़ लगाने से लेकर जूस बेचने वाले अधिकतर व्यापारी बाहरी
पिथौरागढ़। शहर में पिछले दो सालों के भीतर एकाएक बाहरी क्षेत्रों से आए कारोबारियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इनमें फड़ और फेरी वालों के साथ ही जूस बेचने वाले भी शामिल हैं। मोहल्लों में कबाड़ बीनने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। संवाद
लोगों को जागरूक होने की जरूरत
पिथौरागढ़। सीओ सदर महेश चंद्र जोशी ने कहा कि लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। बाहरी लोग यहां आकर कारोबार कर रहे हैं। भवन और दुकान स्वामियों को उनके बारे में हर जानकारी होनी चाहिए। बिना सत्यापन के बाहरी लोग यहां पर रह रहे हैं। हो सकता है कोई व्यक्ति आपराधिक किस्म का हो। ऐसे में सत्यापन करना जरूरी है। आपराधिक गतिविधियां तभी रुकेंगी जब सभी लोग सजग होंगे। संवाद
अलग-अलग टीमों ने मारे छापे
पिथौरागढ़। बिना जीएसटी बिलों के व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अलग-अलग टीमें बनाकर छापे मारे गए। जीएसटी विभाग की ओर से असिस्टेंट कमिश्नर प्रदीप चंद्रा के नेतृत्व में दुकानों में छापे मारे गए। देर शाम तक कार्रवाई जारी थी। संवाद
बिना जीएसटी बिलों के कारोबार किया जा रहा है। व्यापारियों की ओर से इसकी शिकायत मिल रही थी। बिना जीएसटी बिलों के व्यापार करने वालों के चालान किए गए हैं। अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध भी मिले हैं। आधार कार्ड में जन्मतिथि एक समान अंकित है। इसकी जांच की जाएगी।-अनुराग आर्य, एसडीएम सदर पिथौरागढ़।