अमर उजाला ब्यूरो
पिथौरागढ़। मुनस्यारी व धारचूला के स्थानीय लोगों को यारसा गंबू (कीड़ाजड़ी) निकालने की अनुमति दिए जाने के लिए जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि विदोहन की अनुमति नहीं मिली तो दोनों तहसीलो के सैकड़ो परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने 72 घंटे में अनुमति नहीं मिलने पर मुनस्यारी में एसडीएम कार्यालय पर सांकेतिक धरना देने की चेतावनी दी है। लॉकडाउन के कारण इस बार अभी तक सीमांतवासी कीड़ाजड़ी के लिए जंगलों को रवाना नहीं हुए हैं। कहा कि सरकार ने माइग्रेशन जाने की अनुमति दे दी है लेकिन अभी कीड़ाजड़ी दोहन के लिए जाने का मामला सुलझ नहीं पाया है। सरकार के सम्मुख यह मामला कई बार उठाया जा चुका है। उसके बाद भी सरकार कोई निर्णय नहीं ले पाई है। जिप सदस्य मर्तोलिया ने कहा कि ग्रीन जोन के जिले में बिना मांग के ही कीड़ाजड़ी दोहन की अनुमति दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।