आदि कैलाश यात्रियों से अवैध वसूली, बैरियर लगाकर यात्री वाहनों को रोकने, घोड़े और खच्चरों से यात्रा कराने का भारी शुल्क वसूलने और यात्रियों के साथ अभद्रता की शिकायत मिलने पर एसडीएम मनजीत सिंह ने आदि कैलाश विकास समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यात्रियों के साथ ऐसा व्यवहार गलत है। इससे पर्यटन को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि यात्रियों से अवैध वसूली हुई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीते दिनों पुलिस-प्रशासन को आदि कैलाश यात्रियों से कुटी में अवैध वसूली करने, यात्री वाहन रोकने की शिकायत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को एसडीएम मनजीत सिंह ने आदि कैलाश विकास समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा कि यदि कोई भी यात्री अपने वाहन से आदि कैलाश दर्शन के लिए पहुंचता है, उसे रोकना गलत है। पर्यटकों के साथ बुरा व्यवहार करने से पर्यटन को नुकसान पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों और यात्रियों से अवैध वसूली को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शटल सेवा संचालित करने की बात भी कही। समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल और महासचिव नगेंद्र सिंह कुटियाल ने कहा कि ज्योलिंगकांग में यात्रियों से अवैध वसूली का आरोप गलत है। कहा कि सिर्फ टैक्सी वाहन स्वामी से 100 रुपये ग्रीन टैक्स लिया जा रहा है।
इस धनराशि से पार्वती सरोवर, गौरी कुंड और शिव धाम की सफाई होती है। इसके अलावा हर साल जन्माष्टमी पर भंडारा लगाया जाता है। बताया कि तीन हजार रुपये में यात्री को पार्वती सरोवर, गौरी कुंड सहित सात किलोमीटर की यात्रा घोड़े और खच्चर से कराई जा रही है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने डीएम को लिखा पत्र
पार्वती सरोवर और गौरी कुंड में वाहनों यात्रा कराने को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी ने डीएम को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र में हर दिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही के लिए अनुमति देना गलत है। इसके दूरगामी नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने सुझाव दिया कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ज्योलिंगकांग तक वाहनों और पार्वती सरोवर के लिए पैदल या घोड़े से यात्रा कराना उचित होगा।
पर्यावरण प्रदूषित न हो इसके लिए ग्रामीणों ने ज्योलिंगकांग से पार्वती सरोवर तक डेढ़ किलोमीटर दायरे में सेना को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है, जो जायज है। - प्रकाश सिंह गुंज्याल, अध्यक्ष, रं कल्याण संस्था, धारचूला