मुवानी (पिथौरागढ़) । रामगंगा घाटी के प्रमुख कस्बे मुवानी में पार्किंग की कोई सुविधा नहीं होने से वाहन स्वामियों के साथ ही लोगों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पार्किंग निर्माण की मांग की है।
मुवानी मुख्य बाजार आसपास के 120 से अधिक गांवों का केंद्र है। इन गांवों से सैकड़ों लोग प्रतिदिन बाजार में खरीदारी, बैंक एवं अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां वाहनों का भी खासा दबाव रहता है। मुख्य बाजार और इसके आसपास पार्किंग न होने से वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना मजबूरी बना है जो आए दिन जाम का कारण बन रहे हैं। सड़क किनारे वाहन पार्क होने से राहगीरों के साथ ही व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। कस्बे में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव से भविष्य में हालात और भी खराब होने के आसार हैं। क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कस्बे में पार्किंग निर्माण की मांग की है।
बोले लोग
मुवानी कस्बे में पार्किंग नहीं होने से भविष्य में काफी दिक्कतें आ सकती हैं। शासन-प्रशासन को कस्बे में पार्किंग निर्माण के लिए शीघ्र कदम उठाने चाहिए। - राम सिंह राठौर, मुवानी
कस्बे में पार्किंग बनने से लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा मिलेगी। यदि पार्किंग होगी तो जाम की समस्या भी खत्म हो जाएगी। - राजेश खोलिया, व्यापारी
पार्किंग के मुद्दे को कई बार विभिन्न मंचों में उठाया गया है। पार्किंग नहीं होने से आने वाले समय में दिक्कतें बढ़ने वाली हैं। जनप्रतिनिधियों को इस मामले में गंभीर प्रयास करने चाहिए। - पुष्कर बोरा, व्यापारी, मुवानी