नगर निगम में शामिल करने के विरोध में प्रदर्शन करते हुड़ेती गांव के लोग
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ को नगर निगम का दर्जा देने के लिए चल रही कवायद के बीच विरोध के स्वर भी उभरने लगे हैं। सोमवार को हुड़ेती गांव के लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और नगर निगम में किसी भी दशा में शामिल न होने का एलान किया।
हुड़ेती के लोगों को जानकारी मिली कि सीमांकन के समय उनके गांव को भी नगर निगम का हिस्सा बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हालांकि अभी शहरी विकास विभाग ने नगर निगम को लेकर लोगों की आपत्तियां नहीं मांगी हैं, लेकिन गांव के लोग विरोध में पहले से ही उतर आए हैं। कांग्रेस ने गांव के लोगों की बात का समर्थन किया है और जबर्दस्ती किसी गांव को नगर निगम का हिस्सा बनाने पर उग्र आंदोलन की धमकी दी है।
हुड़ेती के प्रधान राजेश उप्रेती के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पहुंचे लोगों ने कहा कि पिथौरागढ़ नगर से सटे गांवों को नगर निगम में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। कहा गया कि बिना गांव के लोगों की सहमति के यदि नगर निगम में शामिल किया गया तो उग्र आंदोलन होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि गांव के लोगों की सहमति के बिना कोई ऐसा कदम न उठाया जाए। उन्होंने कहा कि कई अन्य गांवों के लोग भी नगर निगम में शामिल न होने का एलान कर चुके हैं। प्रदर्शन में युवक मंगल दल अध्यक्ष रजत उप्रेती, पूर्व प्रधान उमेश उप्रेती, जनार्दन उप्रेती, आरडी उप्रेती, प्रकाश चंद्र, हरी दत्त जोशी आदि लोग थे। इस आशय का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी भेजा गया।