थल-मुनस्यारी मार्ग पर हरड़िया नाले में वैली ब्रिज के निर्माण के काम में अब तेजी आने लगी है। बृहस्पतिवार को हरड़िया नाले में वैली ब्रिज का ढांचा फिट कर दिया गया। दो दिन से बारिश थमने के कारण निर्माण के काम में तेजी आई है। यदि मौसम ठीक रहा तो अगले चार दिन में वैली ब्रिज से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
हरड़िया नाले में बार-बार रास्ता बंद होने की समस्या से निपटने के लिए लोनिवि ने वैली ब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था। इसे शासन ने मंजूरी दे दी। वैली ब्रिज की कुल लंबाई 30 मीटर है। वैली ब्रिज को खड़ा करने के लिए पहले हरड़िया नाले के दोनों ओर दीवार तैयार की गई। लोनिवि के जेई योगेश चौबे ने बताया कि वैली ब्रिज को पूरा लोहे का बनाया गया है। यह बेहद मजबूती से खड़ा किया जा रहा है। इसमें भारी वाहन आसानी से आ-जा सकेंगे। इस बीच हरडिया नाले में पैदल आने जाने वालों की परेशानी कम नहीं हुई है। वैली ब्रिज के काम को देखते हुए वाहनों का आवागमन बंद किया गया है। लोग मलबा, कीचड़ के बीच पैदल निकलने को मजबूर हैं।