मुनस्यारी के रातापानी में तीन दिन में ही उखड़ने लगा हॉटमिक्स
- फोटो : अमर उजाला
मुनस्यारी-थल मार्ग पर नियमों को ताख पर रखकर बारिश के दौरान हॉटमिक्स किया जा रहा है। कम तापमान में किया जा रहा हॉटमिक्स तीन दिन में ही उखड़ने लगा है। इससे लोगों में रोष है।
मुनस्यारी-थल मार्ग पर रातापानी के पास लोनिवि के ठेकेदार ने बुधवार को हॉटमिक्स किया। जब सड़क पर हॉटमिक्स किया जा रहा था, उस समय बारिश हो रही थी। बृहस्पतिवार को भी बारिश हुई। कम तापमान में किया गया हॉटमिक्स तीसरे दिन ही उखड़ने लगा है। हॉटमिक्स की पतली परत बिछाई गई है। लोगों का कहना है कि कई सालों बाद सड़क पर हॉटमिक्स के लिए सरकार से धन मिलता है, जो विभाग और ठेकेदार की घपलेबाजी की भेंट चढ़ जाता है।
लोगों ने हॉटमिक्स के काम की जांच कर लोनिवि के अधिकारियों के साथ ही ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, लोनिवि के उपखंड अधिकारी शरद जिंदल ने बताया कि बारिश के दौरान हॉटमिक्स नहीं किया जाना चाहिए। स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। ठेकेदार से दोबारा हॉटमिक्स कराया जाएगा।