पिथौरागढ़। कोरोना संकट के कारण सीमांत जिले में पर्यटन व्यवसाय पूरी तरह से चौपट हो गया है। सभी होटल बंद पड़े हैं। होटल व्यवसायियों को प्रतिदिन 40 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। वहीं, पर्यटक आवास गृहों में ताले लटकने से केएमवीएन को अब तक एक करोड़ का नुकसान हो चुका है। पिथौरागढ़ जिले के चौकोड़ी, पाताल भुवनेश्वर और मुनस्यारी में बड़ी संख्या में देश विदेश से पर्यटक आते हैं। इन प्रमुख स्थलों में होटलों के अलावा कुमांऊ मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृह भी हैं। कोरोना के कारण इस समय लॉकडाउन होने से पर्यटन व्यवसाय भी पूरी तरह चौपट हो गया है। सभी होटल और पर्यटक आवास गृह बंद पड़े हैं। कुछ पर्यटक आवास गृहों को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। ऐसे में निगम को अब तक एक करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। होटल व्यवसाय को प्रतिदिन लाखों का नुकसान हो रहा है। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी राकेश देवलाल और उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन जोशी ने बताया कि होटलों में ताले लटकने से पिथौरागढ़ जिले में होटल व्यवसायियों को प्रतिदिन 40 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।