पिथौरागढ़। बलुवाकोट और मुनस्यारी महाविद्यालय में गर्ल्स और ब्वॉयज हॉस्टल का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए सीएनडीएस ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। शासन से धनराशि मिलते ही हॉस्टल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सीएनडीएस मुनस्यारी में 100 बेड के गर्ल्स और 50 बेड ब्वॉयज हॉस्टल का निर्माण करेगा। इसके लिए सरकार को 4 करोड़ 96 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। बलुवाकोट में 50 बेड ब्वॉयज हॉस्टल के निर्माण के लिए 2 करोड़ 72 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। सीएनडीएस शासन से धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर देगा। लंबे समय से सीमांत के छात्र-छात्राएं हॉस्टल निर्माण की मांग कर रहे थे। हॉस्टल नहीं होने के कारण इन दोनों डिग्री कॉलेजों में 10से 15 किमी पैदल चलकर छात्र-छात्राएं अध्ययन को मजबूर हैं। सीएनडीएस के प्रस्ताव भेजने के बाद हॉस्टल निर्माण की आस एक बार फिर जाग गई है।
बिण पोल्ट्री फार्म का भी होगा उच्चीकरण
पिथौरागढ़। सीएनडीएस ने बिण पोल्ट्री फार्म के निर्माण की मांग को लेकर सरकार को 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। शासन से स्वीकृति मिलते की कार्यदायी संस्थाएं इनका भी निर्माण कार्य शुरू कर देगा।
मुनस्यारी, बलुवाकोट डिग्री कॉलेज में हॉस्टल के निर्माण की मांग को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बिण में पोल्ट्री फार्म के उच्चीकरण को लेकर भी प्रस्ताव भेजा है। - प्रकाश जोशी, अपर जेई, सीएनडीएस पिथौरागढ़।