पिथौरागढ़ के पूर्व विधायक गोपाल दत्त ओझा के आवास में महिलाओं ने बैठक होली प्रस्तुत की। संवाद न्य?
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। सीमांत में बैठकी होली चरम पर है। पुरुष और महिलात होल्यार घरों में बैठकी होली गायन में मस्त हैं।
बुधवार को पूर्व विधायक गोपाल दत्त ओझा के आवास पर महिलाओं की बैठकी होली का आयोजन किया गया। होल्यारों ने ढोलक और मंजीरे की थापा पर होली प्यारी-प्यारी भर पिचकारी, आओ गोपाल शृंगार करूं तोरा, आयो नवल वसंत सखी ऋतुराज कहावें, वन को चले दोनों भाई उन्हें समझाओ रे माई और दोऊ बैना जल भरन चली दोऊ बैना आदि होली गीतों से समा बांध दिया। महिला होल्यारों ने नृत्य के साथ ही खूब मस्ती की और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया। बाद में महिलाओं को आलू के गुटके परोसे गए। इस मौके पर कमला ओझा, दीक्षा ओझा, मुन्नी धामी, रेनूका, सुमन, दीपा, दीक्षा जोशी, विमला पंत, तरु, दीपा पंत, मीनाक्षी, सरिता पंत, मोहनी पंत, माधवी पंत समेत कई होल्यार मौजूद रहे। उधर पुरानी बाजार में चीर बंधने के साथ ही रात में खड़ी होली गायन शुरू हो गया है।
आज पड़ेगा होली का रंग
पिथौरागढ़। होली का रंग बृहस्पतिवार को पड़ेगा। विषाड़ के पंडित दामोदर भट्ट का कहना है कि बृहस्पतिवार को दोपहर एक बजकर पांच मिनट तक दशमी है। इसके बाद एकादशी शुरू हो जाएगी और आंवला पूजन के बाद होली का रंग पड़ना शुरू हो जाएगा। साथ ही रात में चीर बंध जाएगी। शुक्रवार को एकादशी के दिन भद्रा है। अत: इस दिन रंग नहीं पड़ेगा।