मुनस्यारी के होकरा पंचायत घर में अनशन पर बैठे ग्रामीण।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और मोबाइल टावर की मांग को लेकर तीन गांवों के 80 लोग होकरा पंचायत घर में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। होकरा के ग्राम प्रधान सहित दो बुजुर्गों की हालत बिगड़ने लगी है। उनकी कोई सुध नहीं लेने से अनशनकारियों में रोष है।
पिछले पांच दिन से होकरा, खोयम और गौला के ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठे हैं। होकरा के निवर्तमान ग्राम प्रधान सुंदर सिंह, 84 वर्षीय पूर्व सैनिक मोहन सिंह, प्रेम सिंह के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है। आंदोलनकारियों में इस बात को लेकर भी रोष है एसडीएम ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर रहने के निर्देश दिए थे। लेकिन एसडीएम के जाने के बाद ही उक्त टीम भी चले गई।
अनशनकारियों ने कहा कि यदि उपेक्षा का यही हाल रहा तो वे जल भी त्याग देंगे। सीमांत की उपेक्षा से युवाओं में काफी रोष है। अल्मोड़ा छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष हीरा सिंह मेहता ने रविवार तक यदि शांतिपूर्ण आंदोलन का कोई हल नहीं निकला तो युवा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच आत्मदाह को विवश होंगे। इस मौके पर दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।