थल में मेले के लिए तैयार किया जा रहा पंडाल
- फोटो : अमर उजाला
ऐतिहासिक और व्यापारिक महत्व का थल मेला 13 अप्रैल से शुरू होगा। तीन दिन तक चलने वाले मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मेला स्थल पर मंगलवार से पंडाल तैयार करने का काम शुरू हो गया है। मेले के संचालन में जिला पंचायत सहयोग करेगी। थल मेला समिति मेले की सारी व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटी है।
मेला समिति के अध्यक्ष शमशेर सत्याल ने बताया कि मेले का उद्घाटन 13 अप्रैल को अपरान्ह चार बजे होगा। उसके बाद मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। उद्घाटन से पहले कस्बे में भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में छलिया दल भी शामिल रहेंगे। जीआईसी, जीजीआईसी के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। मेले में शांति व्यवस्था के लिए एनसीसी के 50 कैडेट को तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को मुख्य मेला होगा। लोग रामगंगा में स्नान के बाद बालेश्वर मंदिर में पूजा करेंगे। इस बार लकी ड्रा भी निकाला जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से रामगंगा में रिवर राफ्टिंग कराई जाएगी।
मेले में बाहरी जिलों से व्यापारी पहुंचने लगे हैं। पुलिस ने मेले के दिन यातायात व्यवस्था के लिए प्लान तैयार कर लिया है। थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि मुख्य बाजार में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।