फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: ऐलागाड़ में पहाड़ी टूटी, एसएसबी की बैरक क्षतिग्रस्त, दो जवान घायल

Tue, 20 May 2025 10:35 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
बोल्डर गिरने से क्षतिग्रस्त एसएसबी की बैरक। संवाद
विज्ञापन
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाले धारचूला-तवाघाट एनएच पर ऐलागाड़ में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूट गया। पहाड़ से गिरे बोल्डरों से एसएसबी की 11वीं वाहिनी की बैरक क्षतिग्रस्त हो गई और बैरक में मौजूद दो जवान घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक जवान का इलाज संयुक्त अस्पताल धारचूला में चल रहा है। सड़क बंद होने से सैकड़ों की संख्या में आदि कैलाश यात्री समेत स्थानीय लोग मार्ग पर फंसे रहे। ऐलागाड़ में सोमवार रात करीब नौ बजे पहाड़ी दरक गई। इस दौरान भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क के ठीक नीचे भारत-नेपाल को जोड़ने वाले झूलापुल पर बनी बैरक पर गिर गया। घटना के समय बैरक में इंचार्ज एएसआई सुरेश चंद, हेड कांस्टेबल शिवाजी कुमार, सिपाही महाजन मोहन रविंदर और अजय कुमार मौजूद थे। बोल्डरों की चपेट में आने से सिपाही महाजन मोहन रविंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। अजय कुमार को भी चोटें आईं।
विज्ञापन

जवानों ने इसकी सूचना अपने उच्चाधिकारियों के साथ ही धारचूला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों जवानों को वाहन से धारचूला संयुक्त अस्पताल पहुंचाया। बाद में एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट जुबैर अंसारी ने रात में ही ऐलागाड़ पहुंचकर मौका मुआयना किया। मंगलवार को एसएसबी के डीआईजी सुधांशु नौटियाल, 11वीं वाहिनी के कमांडेंट अतुल कुमार राय और डिप्टी कमांडेंट जय प्रकाश ने भी धारचूला पहुंचकर घायल जवानों का हाल जाना।
इधर सड़क पर बोल्डर गिरने से वाहनों का संचालन मंगलवार को पूरे दिन ठप रहा। सुबह से ही ऐलागाड़ में आदि कैलाश जा रहे यात्रियों के वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। इसी तरह चौदास, दारमा और व्यास घाटी से धारचूला आ रहे वाहन दूसरी ओर फंसे रहे। सड़क के जल्दी खुलने की उम्मीद नजर नहीं आने पर स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों ने जान जोखिम में डालकर बोल्डरों के बीच से पैदल आवागमन किया। पुलिस और एसएसबी के जवानों ने लोगों की सुरक्षित आवाजाही में मदद की। इस दौरान एसडीएम मंजीत सिंह और कोतवाल विजेंद्र शाह भी मौके पर मौजूद रहे। देर शाम तक हिलवेज कंपनी की ओर से सड़क खोलने का काम जारी था।
विज्ञापन
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें