पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई पट्टी पर सोमवार को पवन हंस का हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर नहीं पहुंचा। पिथौरागढ़ में दृश्यता कम होने के चलते हेलीकॉप्टर के नहीं आने से यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
सोमवार को देहरादून से हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से चार यात्रियों को पिथौरागढ़ में अपने रिश्तेदार के यहां दो दिन बाद होने वाली शादी में आना था। सभी यात्रियों को हेली कंपनी के अधिकारियों ने तय समय से एक घंटे पहले ही बुला लिया।
पिथौरागढ़ से कंपनी के इंचार्ज ने पंतनगर एयरपोर्ट को सूचना दी कि दृश्यता बेहद कम है। इसके बाद पायलट ने कुछ समय तक इंतजार किया। बाद में हेलीकॉप्टर वहीं से देहरादून चला गया। शादी के लिए पिथौरागढ़ आने वाले यात्रियों को गर्मी में घंटों इंतजार के बाद भी मायूसी मिली। इसके बाद यात्रियों को टैक्सी बुक कर पिथौरागढ़ आना पड़ा।
पिथौरागढ़ में दृश्यता कम होने के कारण हेलीकॉप्टर पंतनगर से नैनीसैनी हवाई पट्टी के लिए उड़ान नहीं भर सका। उड़ान के समय पांच हजार मीटर ऊंचाई पर पांच किमी की दूरी तक दृश्यता सही होनी चाहिए, तब जाकर हेलिकॉप्टर उड़ान भर सकता है।
-कविंद्र कुमार, इंचार्ज, पवन हंस।