नाचनी के तल्ला भैसकोट में बर्बाद धान की फसलें।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। पिछले दिनों क्षेत्र में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे ग्राम बलुवाकोट के गुईया, पंथा, डिगरा, बलदा, शेरा, तल्ला गांव, गागरा समेत कई स्थानों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश और ओलावृष्टि से धान, सोयाबीन, अरहर की लगभग 200 नाली भूमि में बोई गई फसल पूर्ण रूप से बर्बाद हो गई। किसान कल्याण सिंह, चंचल सिंह, त्रिलोक सिंह, पुष्कर सिंह, अरुण चंद, दिनेश धामी, प्रमोद ऐरी, जगमोहन भट्ट, पदम राज, पुष्कर भट्ट आदि ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। प्रधान पूरन ग्वाल ने एसडीएम कार्यालय में पत्र देकर संबंधित विभाग से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
धान की फसल बर्बाद
नाचनी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में तीन दिन से जारी भारी बारिश से खेतों में तैयार धान की फसल बर्बाद हो गई है। तल्ला भैसकोट के किसान जगत सिंह दसौनी, मंगल सिंह, रुद्र सिंह, खड़क सिंह ने कहा कि प्रशासन को मुआवजा दिलाने के लिए जरूरी कार्यवाही करनी चाहिए। हुपुली, मल्ला भैंसकोट, चामी, नापड़, खातेड़ा, डोर, राथी आदि गांवों के किसानों ने मुआवजे की मांग की है।