फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में भारी अफरा-तफरी का माहौल

Sat, 03 Dec 2016 10:26 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ स्टेट बैंक में भुगतान पाने के लिए लगी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दिसंबर के प्रथम सप्ताह में बैंकों में भारी अफरा-तफरी का माहौल है। वेतन, पेंशन और खातों से पैसे निकालने वालों की कतार अभी लगी हुई है। बैंक के पास कैश की भारी कमी है। रिजर्व बैंक से अब तक स्टेट बैंक की मुख्य शाखा को कोई करेंसी नहीं भेजी गई है। आसपास के जिलों से ही पैसे की व्यवस्था कर काम चलाया जा रहा है।
विज्ञापन


शुक्रवार रात टनकपुर से 8.5 करोड़ की करेंसी आने से थोड़ी राहत मिली है। वर्ना शनिवार को बैंक में लोगों को भुगतान करने के लिए पैसा ही नहीं होता। इधर, लोगों की शिकायत है कि स्टेट बैंक के कई काउंटरों में कर्मचारी नहीं बैठ रहे हैं। इस कारण खाताधारकों को भारी दिक्कत हो रही है।

शनिवार को बैंक में अपेक्षाकृत ज्यादा भीड़ रही। रविवार को बैंक बंद होने के कारण लोग अपना काम शनिवार को ही निपटाने की कोशिश में हैं। पेंशन, वेतन लेने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। अधिकांश पेंशनरों के खातों में पैसा आ गया है, लेकिन भुगतान की सीमा सीमित की गई है। इस कारण लोगों की दिक्कत लगातार बढ़ती जा रही है। बैंक से मिल रहे भुगतान से किसी का भी एक महीने का गुजारा संभव नहीं है।
विज्ञापन


शादी-विवाह के लिए सिर्फ 24 हजार
सरकार की शादी-विवाह वालों को ढाई लाख रुपए भुगतान की घोषणा का कम से कम इस जिले में अमल नहीं हो पाया है। बैंकों से विवाह का कार्ड दिखाने वालों को उनके खाते से मात्र 24 हजार मिल रहे हैं। अगली बार इतनी रकम पाने के लिए एक हफ्ते का इंतजार करना पड़ेगा। बैंक का सर्वर एक हफ्ते में अधिकतम 24 हजार रुपए का ही भुगतान स्वीकार कर रहा है। बीमार लोगों को भी इलाज के लिए इतनी ही रकम दी जा रही है। पेंशन और वेतनभोगियों को दस हजार रुपए मिल रहे हैं। स्टेट बैंक के रोकड़ अधिकारी कन्हैया लाल ने बताया कि यह सारी व्यवस्था रिजर्व बैंक की गाइडलाइन के अनुसार ही हो रही है। रिजर्व बैंक की ओर से जारी नियम का पूरा पालन किया जा रहा है।

नगर के 13 एटीएम में कैश समाप्त
लोगों की मुसीबत बढ़ने का एक कारण यह भी है कि नगर के 13 एटीएम पैसा न होने के कारण बंद पड़े हैं। एटीएम से अधिकतम 2500 रुपए ही निकल रहे हैं। यह भी अब ज्यादातर एटीएम में नहीं मिल पा रहे हैं। लोग सुबह से ही पैसे की व्यवस्था करने निकल रहे हैं। एटीएम के आगे इतनी भीड़ रहती है कि हर किसी को कम से कम दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का एटीएम शनिवार को भी बंद रहा।

दस दिन बाद आएगा पांच सौ का नया नोट
यदि बैंक के अधिकारियों की बातों पर यकीन किया जाए तो स्टेट बैंक में 500 का नया नोट आने में अभी दस दिन का समय और लग सकता है। पहले रिजर्व बैंक डिमांड के अनुसार अपनी तरफ से ही कैश भेज देता था, लेकिन नोटबंदी के बाद यह नियम बना दिया गया है कि कैश की डिमांड लेकर कर्मचारी को कानपुर जाना पड़ेगा। वहां से करेंसी मिलेगी। अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि दस दिन बाद यहां के लोगों को 500 का नया नोट दिख सकता है।

सिक्कों का सील्ड कट्टा जमा होगा
स्टेट बैंक ने दस और पांच के सिक्कों का सील्ड कट्टा जमा करने का फैसला लिया है, यदि किसी व्यापारी या अन्य व्यक्ति के पास बैंक से जारी सिक्कों का सील्ड कट्टा है तो वह उसे जमा करा सकता है। दूसरा विकल्प यह रखा गया है कि सिक्कों को खाते में जमा करा दिया जाए। अब भी बैंकों से सिक्के मिल रहे हैं और अन्य शाखाओं को भी यही सिक्के जारी हो रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें