पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील के तामानौली में लगाए गए बहुउद्देशीय शिविर में कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। सरकारी विभागों ने स्टाल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक मीना गंगोला की अध्यक्षता में लगे शिविर में डीएम सी रविशंकर ने लोगों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने कहा कि मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं।
लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। शिविर में आर्थिक सहायता के 301, अन्य समस्याओं के 295 आवेदन आए। मौके पर ही 99 लोगों को बीपीएल प्रमाण पत्र, 95 लोगों को भाग दो की नकल दी गई। 100 लोगों को कृषि औजार और छह लोगों को कृषि किट वितरित की गई। शिविर में सीडीओ आशीष चौहान, एसडीएम वैभव गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी वीके सिंह, बीडीओ नवीन चंद्र, लोनिवि के ईई भुवन चंद्र पंत आदि थे।