बंगापानी (पिथौरागढ़)। बंगापानी तहसील के किसी भी अस्पताल में ब्लड जांच की सुविधा नहीं है। ब्लड ग्रुप की जांच के लिए भी यहां के लोगों को मुनस्यारी या फिर धारचूला जाना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने बंगापानी, बरम या मदकोट में ऐलोपैथिक अस्पताल खोले जाने की मांग की है।
बंगापानी तहसील क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर केवल आयुर्वेदिक अस्पताल हैं। मदकोट, बरम और मवानी दवानी में आयुर्वेदिक अस्पताल हैं। पूरे तहसील क्षेत्र में एलोपैथिक अस्पताल नहीं होने से अधिकतर मामलों में यहां से मरीजों को जांच और इलाज के लिए 36 किमी दूर मुनस्यारी, 60 किमी दूर धारचूला या फिर 100 किमी दूर जिला अस्पताल ही जाना पड़ता है। मवानी दवानी के निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय कुमार और सिरतोला की निवर्तमान ग्राम प्रधान तनुजा देवी ने कहा कि आजकल बच्चों के आईकार्ड से लेकर कई जगह पर ब्लड ग्रुप का उल्लेख करना होता है। बंगापानी तहसील क्षेत्र के किसी भी अस्पताल में इसकी सुविधा नहीं है। ब्लड ग्रुप की जांच हो या फिर किसी तरह की बीमारी होने पर रक्त परीक्षण करना हो तो मुनस्यारी, धारचूला या फिर पिथौरागढ़ ही जाना होता है। उन्होंने बताया कि कई बार क्षेत्र में एक एलोपैथिक अस्पताल खोलने की मांग की जा रही है। अभी तक इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई है।