पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में घरों का ताला तोड़कर रसोई गैस सिलिंडर चोरी करने वाले गिरोह के मुखिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को लंबे समय से घरों का ताला तोड़कर सिलिंडर चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। कोतवाल रमेश तनवार के नेतृत्व में पुलिस टीम जगह-जगह दबिश दे रही थी। मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरोह के मुखिया अजय कोहली निवासी सिरोली कनालीछीना हाल निवासी विण चुंगी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि ये संगठित गिरोह है, जिसका मुखिया अजय कोहली है।
गिरोह के लोग घरों से सिलिंडर चोरी कर बाजार में बेचते थे। इस गिरोह के खिलाफ कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के दो लोग मो. मुज्जिमल अंसारी निवासी कृष्णापुरी और रोहित कुमार निवासी सिलौनी वड्डा पहले से ही बंदीगृह में कैद हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के मुखिया अजय कोहली को गैंगस्टर मामलों की कोर्ट नैनीताल में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया। पुलिस टीम में कांस्टेबल दिनेश जोशी, अरविंद कुमार मौजूद रहे।