लोहाथल स्थित राशन की दुकान में लगी भीड़। संवाद
धरमघर (पिथौरागढ़)। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता के त्यागपत्र देने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब तक उचित व्यवस्था नहीं की जाती तब तक राशन नहीं उठाया जाए।
राशन विक्रेता के इस्तीफा देने के चलते कराला महर, कराला पाठक, स्योली, रमतोली, नगीलागाव, भटाड़ी आदि गांवों के करीब 300 कार्डधारकों का राशन 16 किमी दूर लोहाथल शिफ्ट कर दिया है। इससे उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश है।
उनका कहना है कि लोहाथल स्थित दुकान से राशन लेने के लिए उन्हें करीब 200 रुपये का आने-जाने का भाड़ा देना पड़ रहा है। साथ ही इसमें पूरा दिन लग जा रहा है। इससे उनके अन्य कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं।
उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था से तो जब तक नई दुकान का चयन नहीं होता है राशन गोदाम से नहीं उठाया जाए। इस संबंध में खाद्य निरीक्षक बेड़ीनाग विमल दुर्गापाल का कहना है कि जब तक नई दुकान का आवंटन नहीं हो जाता है तब तक वैकल्पिक व्यवस्था लोहाथल से ही रहेगी। संवाद