पिथौरागढ़ में समय से रिटर्न दाखिल न करने पर 700 से अधिक व्यापारियों के रिजिस्ट्रेशन रद्द हो गए हैं। विभाग ने समय से रिटर्न दाखिल न करने वाले 50 व्यापारियों को नोटिस भी जारी किए हैं। विभाग इन व्यापारियों के खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई कर सकता है।
जिले में राज्य क्षेत्राधिकार में 2150 व्यापारी पंजीकृत हैं। राज्य कर विभाग लंबे समय से जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के लिए इन व्यापारियों को लगातार नोटिस जारी कर रहा था। तीन नोटिस मिलने के बाद भी इन व्यापारियों ने रिटर्न दाखिल नहीं किया। विभाग ने ऐसे 700 व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिए हैं।
विभाग ने समय से रिर्टन दाखिल न करने वाले 50 व्यापारियों को निरस्तीकरण के नोटिस भी जारी कर दिए हैं। विभाग इन व्यापारियों पर भी कार्रवाई करेगा। राज्य कर विभाग की कार्रवाई के बाद व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की कार्रवाई के बाद जिले में 83 प्रतिशत व्यापारियों ने कर का विवरण दाखिल कर दिया है।
पिथौरागढ़ में स्पॉट वेरिफिकेशन शुरू
जीएसटी सहायक विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि जिले भर में जीएसटी अधिकारियों ने कर चोरी को रोकने के लिए स्पॉट वेरिफिकेशन शुरू कर दिए हैं। अभी तक 350 से अधिक फर्म का सर्वे पूरा हो गया है। सहायक आयुक्त राज्य कर विभाग अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य कर विभाग पंजीकृत स्थानों में फर्म के नहीं मिलने पर फर्म रजिस्ट्रेशन रद्द कर देगा।
जो ठेकेदार संबंधित विभागों से भुगतान प्राप्त करने के बाद भी टैक्स जमा नहीं कर रहा हैं। ऐसे ठेकेदारों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - अनिल कुमार सिन्हा, सहायक आयुक्त राज्य कर विभाग पिथौरागढ़।
समय से रिटर्न दाखिल न करने वाले व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन रद्द किए जा रहे हैं। ऐसे व्यापारियों के खिलाफ धारा 125 के तहत कार्रवाई की जा रही है। भूपेंद्र सिंह रावत, राज्य कर अधिकारी पिथौरागढ़।