स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे लोग। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर क्रमिक अनशन शुरू हो गया है। इस दौरान वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वह अस्पताल में तालाबंदी करने को विवश होंगे।
अस्पताल में 24 घंटे एक्सरे, ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने, आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का पंजीकरण शाम पांच बजे तक करने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर बनाने, रिक्त पदों पर तैनाती करने की मांगों को लेकर कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पूर्व जिपं सदस्य जगदीश कुमार ने मंगलवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।
उनके समर्थन में चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय महामंत्री बसंत भट्ट, पूर्व प्रधान राजेंद्र कुमार, कांग्रेस नेता मुकेश पंत, मदन सन्याल, गोकुल कुमार, सूबेदार उमेश तिवारी, गोविंद सिंह भी बारिश के बीच अनशन पर बैठे। जिपं सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि शीघ्र अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि लोग लगातार अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके सकारात्मक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।