डीडीहाट महाविद्यालय में जुलूस निकालते छात्र-छात्राएं। संवाद
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायण नगर में नौ सूत्री मांगों के लिए क्रमिक अनशन शुरू हो गया है। छात्रों ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती आंदोलन जारी रखेंगे।
सोमवार को छात्र संघ अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में जुलूस निकाला और धरना दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष अवस्थी ने कहा कि महाविद्यालय और विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों से पार्किंग शुल्क लेकर छात्रों को पार्किंग सुविधा नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को पढ़ने के लिए पर्याप्त पुस्तकें, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति, प्राध्यापकों की नियुक्ति सहित नौ मांगें जब तक पूरी नहीं होती हैं क्रमिक अनशन जारी रहेगा। अनशन में अजय अवस्थी, अंकित राजन, काजल धामी, संजय देउपा बैठे।