लमतड़ी निवासी गोविंद सिंह पुत्र आन सिंह ने आटा चक्की का मुआवजा न मिलने पर जिलाधिकारी कार्यालय में परिवार समेत आत्मदाह करने की धमकी दी है।
प्रेस को जारी बयान में गोविंद ने कहा कि कर्ज लेकर जनवरी 2015 में आटा चक्की खोली थी। 1 अप्रैल 2016 को आटा चक्की में आग लग गई। राजस्व विभाग के पटवारी ओपी चंद ने मौका मुआयना कर डेढ़ लाख के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट देवलथल के प्रभारी तहसीलदार पीसी कापड़ी को सौंपी थी। तहसीलदार कापड़ी ने 16 अप्रैल 2016 को ही रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी थी। गोविंद ने 31 नवंबर 2016 को कनालीछीना में लगे शिविर में जिलाधिकारी को मुआवजा नहीं मिलने की जानकारी दी थी। जिलाधिकारी ने गोविंद को मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया था।
राजस्व विभाग से बार-बार कर्ज की किश्त जमा करने के लिए नोटिस आ रहे हैं। परिवार में 75 वर्षीय बूढ़ी मां, दो बच्चे और पत्नी है। किसी तरह परिवार का गुजर-बसर कर रहे हैं। एक तो मुआवजा नहीं मिला रहा, ऊपर से राजस्व विभाग के नोटिस आ रहे हैं। कहा कि यदि एक महीने के भीतर आटा चक्की का मुआवजा नहीं मिला तो वह परिवार समेत जिलाधिकारी कार्यालय में आत्मदाह करेंगे। इसकी सूचना जिलाधिकारी को दी जा रही है।