पिथौरागढ़। जिले में अब ई-पॉस मशीन से सरकारी राशन बंटेगा। सस्ता गल्ला विक्रेताओं को मशीन बांटी जा रही हैं। अब तक 400 विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन मिल चुकी हैं। इसके जरिए राशन वितरण आसान होगा तो धांधली पर भी अंकुश लगेगा।
जिला पूर्ति निरीक्षक भुवन सनवाल ने बताया कि जिले भर में 774 सस्ता गल्ला विक्रेताओं को मशीन बांटी जानी हैं। जिला मुख्यालय के साथ ही अन्य जगह विक्रेताओं को अब तक करीब 400 ई-पॉस मशीन बांटी गई हैं। विक्रेताओं को एक मशीन और एक विद्युत से चलने वाला कांटा दिया जा रहा है। इसमें फिंगर प्रिंट और ओटीपी के माध्यम से ग्राहकों को राशन दिया जाएगा। मशीन कांटे के साथ कनेक्ट होगी। मशीन के संचालन के लिए इंटरनेट की जरूरत होती है। नेटवर्क दिक्कत होने पर ऑफलाइन तरीके से भी राशन वितरण होगा।