पिथौरागढ़। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या से ही सभी सरकारी कार्यालय रंग बिरंगे बल्बों की रोशनी से जगमग होंगे। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में भव्य परेड के आयोजन के साथ झांकियों का प्रदर्शन भी होगा। इसकी तैयारी को लेकर कलक्ट्रेट में डीएम विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस को भव्य रूप में मनाया जाएगा। सभी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। पुलिस लाइन में जवान मार्च पास्ट करेंगे। कहा 25 और 26 जनवरी को सभी सरकारी संस्थान बल्बों से रोशन किए जाएंगे। उन्होंने सभी निकायों में गणतंत्र दिवस पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी रेखा यादव, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. जेएस नबियाल, डीडीओ रमा गोस्वामी, ईओ राजदेव जायसी सहित कई अधिकारी शामिल रहे।