मल्ला जोहार में सीडीओ डॉ दीपक सैनी को ज्ञापन सौंपते समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मशक्तू व अ
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मल्ला जोहार विकास समिति अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मशक्तू ने शासन-प्रशासन पर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों के प्रति कतई गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया है। मल्ला जोहार के बुर्फू ग्राम में मल्ला जोहार विकास समिति के वार्षिक अधिवेशन और नंदाष्टमी में शिरकत कर विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए मुनस्यारी पहुंचे धर्मशक्तू ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि धापा-मिलम मोटर मार्ग 2008 से निर्माणाधीन है। धापा से स्यूनी तक एबीसीआई कंपनी ने सड़क काटी है, जो काफी हद तक ठीक है लेकिन स्यूनी से मिलम तक बीआरओ-83 आरसीसी ने स्वयं रोड कटिंग का कार्य किया है। यह इतनी घटिया है कि वाहन एक बार में नहीं जा सकते हैं। धर्मशक्तू ने कहा कि सड़क पिछले वर्ष 83 आरसीसी से शिफ्ट होकर 47 बीसीसी के पास आ गई लेकिन तब से बीआरओ कोई कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने बीआरओ से सड़क का काम छीन कर एनएच या फिर किसी अच्छी कंपनी को सौंपने की मांग की है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान इस मामले को लेकर उन्होंने रिलकोट में ग्रामीणों के साथ बीआरओ के खिलाफ नारे भी लगाए। उन्होंने खिलांच गरारी और झूला पुल अब तक नहीं बनाए जाने पर लोनिवि के खिलाफ भी रोष जताया। उन्होंने बताया कि कुछ रोज पूर्व मल्ला जोहार की मूलभूत समस्याओं को लेकर क्षेत्र भ्रमण पर आए सीडीओ डॉ. दीपक सैनी को भी ज्ञापन सौंपा है। कहा कि वे शासन को भी लिखित रूप में अवगत कराकर समस्याओं के निराकरण का प्रयास करेंगे।