आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग पर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
जाति के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करने और आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को रौबिन किसान क्लब ने मूनाकोट विकासखंड के जरगानी नामक स्थान पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जाति के आधार पर आरक्षण की वजह से देश में विषमता का माहौल पैदा हो रहा है। संगठन की ओर से हर महीने की पहली तारीख को यह प्रदर्शन किया जाता है। पिछले तीन साल से जारी इस अभियान के दौरान अब तक आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग के लिए करीब सवा लाख लोगों ने हस्ताक्षर कर दिए हैं।
रौबिन किसान क्लब के अध्यक्ष अनिल चंद ने कहा कि पलायन को रोकने के लिए जमीन की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाया जाए। सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र 55 वर्ष की जाए, ताकि नए लोगों को नौकरी का अवसर मिल सके। सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चों को अनिवार्य रूप से सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिया जाए। ऐसा करने से शिक्षा में चली आ रही विषमता दूर हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी रहेगा। प्रदर्शन में किशन राम, पवन कुमार, मोहन राम, नरेश द्विवेदी, शंकर सिंह, हरीश सिंह, मोहन चंद, भीम राम, पूर्व प्रधान नरेश चंदर आदि थे। बाद में डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।