झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल स्थित बैतड़ी जिले के पंचेश्वर गांव पालिका दो डिंबर गांव की रहने वाली ममता मंगोला (15) काली नदी के किनारे जाने के बाद से लापता हो गई है। उसके नदी में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजन और प्रहरी उसकी खोजबीन में जुटे हैं।
बृहस्पतिवार को ममता बकरियों को चराने काली नदी के किनारे गई हुई थी। शाम तक भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन और ग्रामीणों ने मिलकर उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने शुक्रवार सुबह प्रहरी कार्यालय में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक खेम विक्रम केसी ने बताया कि काली नदी के किनारे से लापता हुई ममता का अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सर्च अभियान चलाया जा रहा है। संवाद