गंगोलीहाट के जीआईसी कोठेरा को पांच गेस्ट टीचर मिले हैं। गेस्ट टीचर मिलने से आगामी सत्र से इंटर कक्षाओं के संचालन की उम्मीद है। गेस्ट शिक्षक मिलने पर अभिभावकों ने खुशी जताई है।
जीआईसी कोठेरा में प्रवक्ताओं के सभी पदों के खाली होने से इंटर कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा था। कोठेरा, रणकोट, सिमलकोट, भंडारीगांव, निशिगांव, खेती गांव, जाखनी उप्रेती, बोरखेतर, बालाकूचा, उकाला, झरकोठेरा, गुलागांव, गोलाई आदि गांवों के बच्चों को हाईस्कूल पास करने के बाद इंटर की शिक्षा के लिए गंगोलीहाट जाना पड़ रहा था। विगत दिनों अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
शिक्षा विभाग ने इंटर कॉलेज की समस्या को देखते हुए पांच गेस्ट टीचर तैनात कर दिए हैं। इनमें से चार प्रवक्ता और एक सहायक शिक्षक हैं। प्रवक्ताओं की तैनाती के बाद अप्रैल से इंटर की कक्षाओं का संचालन भी होगा। अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी केके पंत और सीईओ अशोक जुकरिया का आभार जताया है।