ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट-2017 का खिताबी मुकाबला गढ़वाल हीरोज दिल्ली और पंजाब पुलिस जालंधर के बीच होगा। सेमीफाइनल में गढ़वाल हीरोज ने वर्ष 2015 की विजेता आरसीएफ कपूरथला को 1-0 से हराया। उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ और पंजाब पुलिस जालंधर के बीच खेला गया बेहद रोमांचक मुकाबला निर्धारित समय तक गोल रहित रहा। टाइब्रेकर में पंजाब पुलिस 3-1 से विजयी रही। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 26 जून को होगा।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल धीरज जंगपांगी के नेतृत्व वाली गढ़वाल हीरोज दिल्ली और सुनील कुमार के नेतृत्व वाली रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला के बीच हुआ। शुरुआत से ही दोनों टीमों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ का खेल गोलरहित रहा। दूसरे हाफ के छठे मिनट में खतरनाक खेल के लिए आरसीएफ कपूरथला के प्रभजोत सिंह को रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। 23वें मिनट में गढ़वाल हीरोज के कमल रावत की किक को रोकने के प्रयास में आरसीएफ कपूरथला के बलराज सिंह आत्मघाती गोल कर बैठे। यानि कि बलराज सिंह के पैर से होते हुए गेंद उन्हीं की गोलपोस्ट में जा गिरी। कपूरथला की टीम ने गोल उतारने के भरसक प्रयास किए, लेकिन गोल उतारने में कामयाबी नहीं मिली। दिल्ली की ओर से कैप्टन धीरज जंगपांगी के साथ ही नाइजेरियन खिलाड़ी अजी डैमी, चार्ल्स और बाला अल हसन ने शानदार खेल दिखाया। मुख्य निर्णायक सिवांतो काहार थे। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी थे।
उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ और पंजाब पुलिस जालंधर के बीच हुआ दूसरा सेमीफाइनल रोमांच से भरपूर रहा। दोनों ही टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पिथौरागढ़ के गोलकीपर वीरेंद्र पांडे और पंजाब पुलिस के गोलकीपर कमलप्रीत सिंह ने बेहतर बचाव कर गोल होने से रोक दिए। पहले हाफ के 28वें मिनट में पंजाब के राजवीर सिंह, 34वें मिनट में पिथौरागढ़ के गोलकीपर वीरेंद्र पांडे, दूसरे हाफ के 20वें मिनट में पंजाब के लवप्रीत घई को रेफरी ने खतरनाक खेल के लिए पीला कार्ड दिखाया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रही। टाइब्रेकर से हुए फैसले में पंजाब पुलिस की टीम 3-1 से विजयी रही। पंजाब की ओर से हर्षदीप सिंह, अमनदीप सिंह, हरजिंदर सिंह ने गोल किए। पिथौरागढ़ की ओर से अमित बिष्ट ने एकमात्र गोल किया। पिथौरागढ़ के तीन खिलाड़ियों की पेनाल्टी किक को पंजाब के गोलकीपर कमलप्रीत सिंह ने नाकाम कर दिया। पिथौरागढ़ के गोलकीपर वीरेंद्र पांडे मात्र एक पेनाल्टी किक रोकने में कामयाब रहे। मुख्य निर्णायक हरीश कुंडू थे। आंखों देखा हाल खेल उद्घोषक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सुनाया। मुख्य अतिथि लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल थे। जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र लुंठी ने अतिथियों का स्वागत किया।
विजेता टीम को मिलेगा दो लाख रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख, उप विजेता टीम को एक लाख, तीसरे स्थान स्थान पर रहने वाली टीम को पचास हजार और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति की ओर से पच्चीस हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
फुटबाल के प्रति दीवानगी के कायल हो गए कमलप्रीत
पंजाब पुलिस जालंधर को फाइनल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले टीम के गोलकीपर कमलप्रीत सिंह पिथौरागढ़ में फुटबाल के प्रति लोगों की दीवानगी के कायल हो गए हैं। कमलप्रीत खिताबी मुकाबले में विपक्षी टीम के तीन पेनाल्टी किक रोकने में कामयाब रहे। कमलप्रीत ने अमर उजाला से बातचीत में पिथौरागढ़ में होने वाले ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट के साथ ही यहां के दर्शकों की खूब तारीफ की। उनका कहना था कि इस पहाड़ी इलाके में फुटबाल की इतनी बारीक समझ रखने वाले दर्शक हैं, इसका अंदाजा उन्हें नहीं था। कमलप्रीत कहते हैं कि पिथौरागढ़ के लोगों का व्यवहार भी बहुत ही दोस्ताना है। वह कहते हैं कि उनकी टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है। आगे भी मौका मिला तो वह जरूर पिथौरागढ़ में फुटबाल खेलने आना चाहेंगे। अन्य खिलाड़ियों की तरह ही कमलप्रीत भी पिथौरागढ़ में बेहतर खेल मैदान की दरकार बताते हैं।
तीसरे, चौथे स्थान के लिए मुकाबला आज
-आरसीएफ कपूरथला और उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ शाम 3 बजे से