पिथौरागढ़। सीमांत जिले में तैनात कई कर्मचारी और अधिकारी दुर्गम में तैनाती के बाद भी सुगम में आरामदायक नौकरी कर रहे हैं। ऐसा ही मामला सामने आया है धारचूला के खेत में नियुक्ति उद्यान विभाग के कर्मचारियों का। राजकीय उद्यान सचल दल केंद्र खेत में नियुक्त उद्यान निरीक्षक और सामुदायिक फल संरक्षण केंद्र बलुवाकोट में नियुक्त सुपरवाइजर पिथौरागढ़ उद्यान विभाग में सेवा दे रहे हैं। दोनों की तैनाती सरकार ने दुर्गम क्षेत्र में काश्तकारों को लाभान्वित करने के लिए की थी। दोनों कार्मिकों के अपनी-अपनी नियुक्ति की जगह तैनात नहीं होने से जनप्रतिनिधियों में रोष है।
पय्यांपौड़ी की जिला पंचायत सदस्य दीपशिखा ऐरी ने एसडीएम धारचूला के माध्यम से डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा है कि सरकार ने उद्यान सचल दल केंद्र खेत में उद्यान निरीक्षक की नियुक्ति एक वर्ष पूर्व की थी। यह क्षेत्र दुर्गम में आता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में निरीक्षक नहीं होने से औद्यानिकी काश्तकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा है कि पांच माह पूर्व राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण केंद्र बलुवाकोट में सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई थी लेकिन वह भी पिथौरागढ़ में योगदान दे रहे हैं। ऐरी ने कहा है कि कर्मचारियों के अभाव में जनता के कोई काम नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने अविलंब कर्मचारियों को अपनी तैनाती की जगह योगदान देने के निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया है।
कोट विभाग में स्टॉफ की कमी चल रही है। नई नियुक्ति होने पर कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। - अभिनव कुमार, मुख्य उद्यान अधिकारी, पिथौरागढ़