गंगोलीहाट में गैस गोदाम का निर्माण करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और तकनीशियनों की तैनाती, आंवलाघाट, नैनी सड़क का निर्माण, नगर में हाईटेक शौचालय निर्माण समेत तमाम मांगों को लेकर क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा।
गंगावली विकास मंच के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन में लोगों की भागेदारी बढ़ने लगी है। दूसरे दिन चंद्रशेखर चौधरी और त्रिभुवन नेगी क्रमिक अनशन में बैठे हैं। इन लोगों को हाट के पूर्व प्रधान शंकर लाल चौधरी और रावलगांव के पूर्व प्रधान देब सिंह रावल ने माल्यार्पण कर अनशन में बिठाया। अनशन स्थल पर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की गई। मंच के अध्यक्ष श्यामाचरण उप्रेती ने कहा कि मांगों को पूरा करने की दिशा में सरकार और विधायक कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। जल्द ही मांग पूरी नहीं होती हैं तो क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में तब्दील कर दिया जाएगा। अनशनकारियों के समर्थन में किशन सिंह भंडारी, प्रदीप पंत, भगवत लाल चौधरी, ललित पाठक, नारायण सिंह बोरा, प्रदीप कोठारी, नरेंद्र सिंह समेत कई लोगों ने धरना दिया। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल ने कहा है कि नगर में दो हाईटेक शौचालय बन रहे हैं। नगर में रास्तों का निर्माण किया जा रहा है। प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रस्ताव शासन को गया है। नगर पंचायत नगर की समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव निस्तारण करेगी।