गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। करोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए गंगोलीहाट व्यापार मंडल ने 29 मई से एक सप्ताह के लिए बाजार पूरी तरह से बंद रखने का ऐलान किया है। व्यापार संघ का कहना है कि इससे पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी काम करने में आसानी होगी। बाहर से आए तहसील क्षेत्र के कुछ लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से लोग चिंतित हैं। कोरोना का और अधिक प्रसार न हो इसको देखते हुए व्यापार संघ ने बाजार को एक सप्ताह तक बंद रखने का निर्णय ले लिया है। व्यापार संघ ने प्रशासन से अनावश्यक बाजार में घूमने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने और पांच हजार तक का अर्थदंड वसूलने की मांग की है। इधर जीआईसी एवं विवेकानंद के क्वारंटीन सेंटरों में रह रहे कुछ लोगों के बाजार में घूमते दिखाई देने पर भी व्यापार संघ ने नाराजगी जताते हुए अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं टैक्सी यूनियन ने भी उनके इस बंद में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है। एसडीएम बीएस फोनिया को ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश धानिक, उपाध्यक्ष हितेश खाती, महासचिव मनीष बिष्ट आदि व्यापारी शामिल थे।