फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: हत्यारोपी की तलाश को पुलिस ने रामगंगा घाटी में डाला डेरा

Sat, 13 May 2023 11:14 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। एसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर गंगोलीहाट के बुरसम गांव एवं रामगंगा घाटी में पुलिस के 60 अधिकारी और कर्मचारी चार महिलाओं के हत्यारोपी संतोष कुमार की तलाश में जुटे हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी सघन चेकिंग की जा रही है। डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर है।
विज्ञापन


गंगोलीहाट के बुरसम गांव के चंतोला तोक में संतोष कुमार ने पत्नी समेत तीन अन्य महिलाओं की निर्ममता से हत्या कर दी। हत्यारोपी को पकड़ने के लिए शनिवार सुबह छह बजे से पुलिस उपाधीक्षक महेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में गंगोलीहाट के एसओ मंगल सिंह की टीम, थल थाना, बेड़ीनाग के साथ ही पीएसी एवं एसडीआरएफ के करीब 60 जवान रामगंगा घाटी और पहाड़ियों पर भी सर्च अभियान चला रहे हैं।

एक टीम को पिथौरागढ़ के आंवलाघाट क्षेत्र से भी भेजा गया है। सीओ जोशी ने बताया कि रामगंगा घाटी के साथ ही आसपास के गांवों में भी सघन चेकिंग की जा रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारोपी कहीं आसपास ही छुपा हो सकता है। एसपी ने भी ग्रामीणों से घटना और हत्यारोपी के बारे में जानकारी जुटाई।
विज्ञापन



तल्लीसार गांव में भी की तलाश
पिथौरागढ़। पुलिस फोर्स ने शनिवार को द्वाली, रामगंगा, डांडाधार के चट्टान और सुफली नदी के आसपास भी हत्यारोपी की तलाश की। पूरे क्षेत्र में पुलिस टीमें फैली हुई हैं। पिथौरागढ़ की सीमा से लगते तल्लीसार क्षेत्र में भी पुलिस ने डेरा डाला है। संवाद


पिथौरागढ़ से 65 किमी दूर है बुरसम गांव
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील का बुरसम गांव जिला मुख्यालय से करीब 65 किमी की दूरी पर है। गंगोलीहाट रोड पर चौनाला तक वाहन से जाकर वहां से करीब डेढ़ किमी की दूरी पर यह गांव स्थित है। बुरसम गांव में अधिकतर गिरि जाति के लोग रहते हैं। अनुसूचित जाति के पांच-छह परिवार हैं जिस घर में हत्याकांड को अंजाम दिया गया वहां पर दो ही घर हैं। सीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स लगाया गया है। संवाद


ड्रोन से भी की जा रही निगरानी
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। हत्या के आरोपी की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची है। ड्रोन से भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस हत्यारोपी के आत्महत्या करने की आशंका के नजरिए से भी तलाशी अभियान में जुटी है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद वह खुद ही आत्महत्या कर सकता है। संवाद


बाहर रहने वाले परिवार के लोगों को भी दी धमकी
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बुरसम गांव में चार महिलाओं की हत्या के बाद दहशत व्याप्त है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। ग्रामीण सहमे हुए हैं और कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। कुछ ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि आरोपी अन्य लोगों को भी काट डालने की धमकी पहले से देता आ रहा था। ग्रामीण आपस में बातचीत करते हुए सुनाई दिए कि आरोपी ने पीड़ित परिवार के गोवा और पिथौरागढ़ में रहने वाले लोगों को भी फोन कर मारने की धमकी दी है। संवाद


कई दिनों से बड़ियाठ में धार लगा रहा था आरोपी
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पट्टी पटवारी भूपाल सिंह बिष्ट भले ही कह रहे हैं कि हत्यारे की पहले से ही पीड़ित परिवार को धमकी देने की सूचना उन्हें नहीं थी लेकिन क्षेत्र में इसी बात की चर्चा है कि संतोष राम कई दिनों से बड़ियाठ में धार लगाने के बाद हथियार को लहराते हुए मार डालने की धमकी दे रहा था। इसकी जानकारी मौखिक रूप से या फोन पर पटवारी को दी गई थी। बताया गया कि आरोपी उस परिवार के वंश को खत्म करने की धमकी भी लंबे समय से देते आ रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें