युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से ब्लॉक सभागार में एक दिनी विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। ब्लॉक प्रमुख राधा बिष्ट और विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
युवा महोत्सव में महिला मंगल दल बूंदी, रोंगकांग, कुटी, गुंजी, गर्ब्यांग, ज्योति पांगू और धारपांगू की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में रं गीतों में मनमोहक लोकनृत्य और लोकगीत प्रस्तुत किए। रोशनी बोनाल, गणेश मर्तोलिया और अंकित दताल ने प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव से स्थानीय महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
लोकनृत्य में रोंगकांग, बूंदी, गुंजी की महिला मंगल दल और लोकगीत में रोशनी बोनाल, गणेश मर्तोलिया, अंकित दताल का चयन किया गया। ब्लाक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि चयनित महिला मंगल दल आगामी 21 दिसंबर को जिला महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
निर्यायक मंडल की भूमिका एडीओ उद्यान वीरेंद्र पांडेय और राज्य आंदोलनकारी दीवान सिंह गुंज्याल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी सोहन लाल वर्मा ने किया। इस दौरान एडीओ पंचायत नंदन सिंह नगन्याल, बीडीसी सदस्य मनोज नगन्याल, विजय गर्ब्याल, ग्राम प्रधान गुंजी अर्चना गुंज्याल, बूंदी की लक्ष्मी रायपा, कुटी की सरिता कुटियाल, गर्ब्यांग की पुष्पा गर्ब्याल, गोपाल गर्ब्याल, देवकी गर्ब्याल, बिंदू रौंकली और अंजू रौंकली सहित कई लोग मौजूद रहे।