पिथौरागढ़। जिले की लाइफ लाइन ऑलवेदर रोड बंद होने से बाहर से आने वाले दूध, फल-सब्जी, गैस और ईंधन सहित अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति करने वाले वाहन घाट क्षेत्र में ही फंस गए। इस कारण मुख्यालय में जरूरी सामानों की आपूर्ति बाधित रही और उपभोक्ताओं के साथ ही व्यवसायियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
टकाना क्षेत्र में फल-सब्जी विक्रेता जगदीश कुंवर ने बताया कि जिन मालवाहक वाहनों का आज सुबह पहुंचना था वे रास्ते में फंसे हैं। ऐसे में सब्जी की आपूर्ति लड़खड़ा गई है। जल्द आवाजाही सुचारु नहीं हुई तो दुकानों में सब्जियों का स्टॉक खत्म होगा इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। गांधी चौक में फल-सब्जी विक्रेता भूरे मियां ने बताया कि अभी पुराने स्टॉक से काम चल रहा है।
गैस, ईधन जैसे जरूरी पदार्थों का स्टॉक होने से फिलहाल कोई संकट नहीं है। जल्द मार्ग खुलने की संभावना है और माल वाहक वाहन जिले में पहुंचेंगे। -विनय कुमार, डीएसओ, पिथौरागढ़