धारचूला में धरने पर बैठे राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा एवं अन्य
- फोटो : अमर उजाला
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट के साथ हुई कथित पुलिस अभद्रता के खिलाफ दो अक्तूबर से कांग्रेस का धरना जारी है। थाने के सामने चल रहे इस धरने पर बुधवार को मात्र चार लोग बैठे, क्योंकि प्रशासन ने धारा-144 लागू कर दी है। राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा के नेतृत्व में बुधवार को धरना दिया गया। टम्टा ने प्रदेश सरकार पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा का शासन आते ही अराजकता का माहौल बढ़ गया है। लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
उन्होंने धारचूला में एक महिला जनप्रतिनिधि के साथ हुई घटना की निंदा की। आरोप लगाया कि भाजपा अपने विरोधियों को सबक सिखाने के लिए किसी भी तंत्र का इस्तेमाल कर लेती है। धरने पर कनालीछीना के ब्लॉक प्रमुख प्रशांत भंडारी, कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप पाल, ललित भंडारी भी बैठे।
वहीं, विधायक हरीश धामी ने कहा कि कांग्रेस कानून का सम्मान करने वाली पार्टी है। इसी कारण उसने 12 अक्तूबर को प्रस्तावित जुलूस का कार्यक्रम स्थगित किया है। कांग्रेस ने धरना कार्यक्रम फिलहाल जारी रखने का फैसला लिया है।