चंपावत। राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में छात्र-छात्राओं के लिए जल्द चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण होगा। इसके लिए शासन से 60 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त कर दी है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग ने 128.38 लाख रुपये की लागत से कक्षा-कक्ष निर्माण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी थी। वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में कक्षा छह से 12 वीं तक करीब 710 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में लंबे समय से छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए कक्षा-कक्षों की कमी बनी हुई है। जगह की कमी के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक और विद्यालय प्रशासन लंबे समय से अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण की मांग कर कर रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने विद्यालय में चार कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 128.38 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर निदेशालय को भेजी। निदेशालय से डीपीआर शासन को भेजी गई। शासन ने शुक्रवार को कार्ययोजना को स्वीकृति देने के साथ ही 77.28 लाख रुपये की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। अब छात्र-छात्राओं के लिए जल्द चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी, अपर सचिव जगदीश चंद्र कांडपाल, एलारा कैपिटल के संस्थापक राज भट्ट, डीएम मनीष कुमार, सीईओ प्रभारी मान सिंह, बीईओ का आभार जताया है।
-
राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण होना है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
सुनील सिंह दताल, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग, चंपावत