पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे में लखनपुर के पास गिरा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे पर बुधवार सुबह तीन स्थानों पर मलबा गिरने से यातायात चार घंटे बाधित रहा। सीमा सड़क संगठन ने सभी स्थानों पर अपने मजदूर और जेसीबी तैनात की है। बताया गया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे लखनपुर एवं पिनौड़ागाड़ के पास भारी मलबा और पत्थर पट गए थे। उनको हटाने में तीन घंटे का समय लगा।
जब तक यह मलबा हटाने का काम चल रहा था तभी जौलजीबी में गोरी पुल के पास फिर से मलबा गिर गया। इस कारण सड़क पर चार घंटे तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी, इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीमा सड़क संगठन के द्वितीय कमान अधिकारी आरबी अग्रवाल ने बताया कि बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर मलबा गिरने का खतरा हो गया है। इस कारण सभी संवेदनशील स्थानों पर मजदूर और मशीन तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह कोशिश की जा रही है कि ज्यादा समय तक आवागमन बंद न हो। इस बीच जिले में पिछले 24 घंटे में बारिश की रफ्तार कम होने से मुख्य मार्गों पर यातायात सामान्य बना है। जिले का मैदानी इलाकों से संपर्क बना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की और मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है।