लोहाघाट (चंपावत)। कनेड़ी स्थित प्रसिद्ध कालेशन मंदिर में 18 जुलाई से चार दिवसीय देवी महोत्सव का आयोजन होगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को समिति की बैठक हुई जिसमें कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
महोत्सव समिति के संरक्षक दीप जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में संयोजक डॉ. सुधाकर जोशी ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा से शुरू होने वाला महोत्सव 18 से 21 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को देव डांगरों के गंगा स्नान, अखंड धूनी प्रज्ज्वलन और रात्रि भजन-कीर्तन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 19 जुलाई को सुबह देवी पाठ और सुंदरकांड पाठ तथा रात्रि में भजन-कीर्तन आयोजित किए जाएंगे।
20 जुलाई को पूजा-अर्चना, मंदिर परिसर में वृक्षारोपण, जवान उठाने की परंपरा और रात्रि जागरण होगा। 21 जुलाई को देवी महोत्सव के मुख्य मेले का आयोजन किया जाएगा। बैठक में प्रकाश चंद्र जोशी, पंडित प्रदीप चंद्र जोशी, कैलाश जोशी, नरेश चंद्र पांडेय, रामू जोशी, मनोज जोशी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश जोशी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।