खेतरा कन्याल ग्राम पंचायत में वनराजि परिवार पानी लाते हुए।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। खेतार कन्याल ग्राम पंचायत के आधा दर्जन तोकों में पेयजल लाइन ध्वस्त होने से वनराजि के सामने पानी का संकट गहरा गया है, लेकिन संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
खेतार कन्याल गांव की पेयजल योजनाएं वर्ष 2016-2017 की आपदा में ध्वस्त हो गई थीं। इन योजनाओं का सुधार न होने से जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से वनराजि बस्ती मदनपुरी के परिवार बरसाती नाले से पानी पीने को मजबूर हैं। ये लोग रोज दो किमी पैदल चलकर बरसाती नाले से पेयजल आपूर्ति करते हैं। यह नाला भी अब सूखने के कगार पर है। वहीं बसौरा और मौगड़ा तोक के लोग रौतिस नदी का पानी पी रहे हैं।
वर्ष 2016-2017 की आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को अस्थायी तौर पर ठीक किया गया था, लेकिन इस वर्ष की आपदा में पेयजल लाइनें पूरी तरह ध्वस्त हो गई हैं, लेकिन विभाग ने मामले का संज्ञान नहीं लिया। जल निगम के ईई अवधेश कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। शीघ्र ही योजनाओं का सुधार कर आपूर्ति सुचारु की जाएगी।