कनालीछीना और डीडीहाट विकासखंड के अंतिम छोर पर बसे मुगरौली (मुवानी) ग्राम पंचायत का नौला इस बार सूख गया है। पहली बार इस तरह की नौबत आने से गांव के लोग भी आश्चर्य में हैं। पिछले साल बारिश के दौरान नौले के पास हल्का भूस्खलन हुआ था। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि नौले का पानी रिस गया होगा। गांव में रहने वाले 25 परिवार घोर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
बताया गया है कि मुगरौली गांव का यह नौला करीब 200 साल पुराना है। गांव के लोग इसी नौले के पानी से प्यास बुझाते थे। अन्य वर्षों में गर्मियों के मौसम में नौले का पानी कम तो होता था लेकिन सूखता नहीं था। पहली बार नौला सूख गया है। पिछले पांच दिनों से नौले में पानी एकत्र नहीं हो पा रहा है। गांव के लोगों ने बताया कि इससे पहले ऐसी स्थिति नहीं आई थी। गांव के पास बहने वाले नाले का पानी भी सूखने लगा है। अब सबसे बड़ी समस्या जानवरों के लिए होने लगी है। गांव के युवा समाजसेवी ललित राठौर ने बताया कि गांव में गंभीर पेयजल संकट हो गया है। इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी है। लोग किसी तरह गंदे नालों से पानी एकत्र कर रहे हैं। इससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। गांव के राम सिंह राठौर ने बताया कि लोग खुद ही नौले की देखरेख करते थे लेकिन नौला सूखने से अब संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नौले को रिचार्ज करने के लिए कदम उठाए जाएं।