लोहाघाट (चंपावत)। गुमदेश के प्रसिद्ध चैतोला मेले की तैयारी शुरू हो गई है। मेले की व्यवस्थाओं के लिए आयोजकों के शिष्टमंडल ने डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी को ज्ञापन भेजा। मेले को नशा मुक्त रखने के लिए आयोजकों की ओर से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
मेला कमेटी के अध्यक्ष हरक सिंह भंडारी के नेतृत्व में सोमवार को आयोजन समिति ने तहसीलदार विजय गोस्वामी के माध्यम से डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी को ज्ञापन भेजा। इसमें कहा गया कि गुमदेश का ऐतिहासिक तीन दिनी चैतोला मेला प्रति वर्ष चैत्र नवरात्र में होता है। इस वर्ष यह मेला 30 मार्च को राम नवमी से एक अप्रैल एकादशी तक होगा। इसमें छह ग्राम पंचायतों के हजारों लोग आते हैं जबकि 12 गांवों के जत्थे इसमें पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हैं।
शिष्टमंडल ने मेले में शांति एवं सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने, स्वास्थ्य शिविर लगाने, विभिन्न विभागों के स्टाल, क्षेत्र की पेयजल लाइनों एवं मेला स्थल पर लगे हैंडपंप सुधारने, मेले से पूर्व क्षेत्र में गैस की आपूर्ति, मेले के दौरान क्षेत्र में उचित विद्युत व्यवस्था, मेले के दौरान पेयजल टैंकर की व्यवस्था, चमदेवल-पुल्ला सड़क का सुधारीकरण, मेले से पूर्व कूड़ा हटाने के लिए कूड़ा गाड़ी दिलाने, मेले से पूर्व खाद्यान्न की आपूर्ति की मांग की। इस दौरान खीम राज धौनी, तेज धौनी, शंकर पांडेय, युगल धौनी, डिकर सिंह, नर सिंह धौनी आदि शामिल रहे।