चंपावत। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चंपावत में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी, मिठाई और नमकीन के तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में जनरल स्टोर और मिठाई की दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और लाइसेंस संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के लाइसेंस और डिस्प्ले बोर्ड की स्थिति देखी गई। एकत्र किए गए तीनों नमूने राजकीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, खरीद-बिक्री पक्के बिलों पर करने और एक्सपायरी सामग्री को बिक्री से तत्काल हटाने के निर्देश दिए। विभाग ने बताया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।