बुजुर्ग और बीमार लोकगायिका कबूतरी देवी ने पिथौरागढ़ नगर, वड्डा कस्बा या फिर सेरीकुम्डार गांव में मकान बनाने के लिए जमीन की मांग की है। 77 वर्षीय यह लोकगायिका पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड के अंतर्गत क्वीतड़ गांव की निवासी हैं, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के चलते वह लंबे समय से सेरीकुम्डार गांव में अपनी विवाहिता बेटी हेमंती देवी के साथ रह रहीं हैं।
डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कबूतरी ने कहा कि उसका परिवार भूमिहीन है। पति दीवानी राम की मृत्यु के बाद परिवार पर लगातार संकट आता रहा। एक समय में आकाशवाणी से बेहतरीन गीतों को गाने वाली कबूतरी इस समय संकट में है। पत्र में उल्लेख किया है कि 12 साल से स्वास्थ्य खराब है। यह बात अलग है कि उत्तराखंड सरकार से उनको कलाकार की पेंशन मिलती है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने ही उनका पिछले दिनों एम्स में इलाज कराया था। वह कहती हैं कि बेटी ही उनकी देखभाल करती है, लेकिन बेटी के परिवार में ज्यादा सदस्य होने के कारण मकान में रहने की जगह कम है।
यदि सरकार उनको मकान बनाने भर के लिए जमीन उपलब्ध करा देती तो सिर छुपाने के लिए वह मकान तैयार कर लेती। कबूतरी ने पत्र में कहा है कि सरकार के लिए किसी एक कलाकार को मकान बनाने के लिए जमीन देना कठिन काम नहीं है। इस बीच कई शोधार्थी कबूतरी के पास जाकर उनके गीतों पर अध्ययन भी करने लगे हैं।